Back to all Post

धर्म चेतना यात्रा के तीसरे दिन श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने श्रीकृष्ण धाम गुडा मांगलियान, निम्बो का नाथ महादेव मंदिर व सिरे मंदिर पूजा-अर्चना की

व्यसन विराम एक प्रयास अभियान से प्रेरित होकर सैकड़ों युवाओं ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया
महाराजश्री ने अनेक दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की
राजस्थानः
सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर, श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता व दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने पंच दिवसीय धर्म चेतना यात्रा के तीसरे दिन शनिवार को राजस्थान के कई शहरों का भ्रमण कर प्राचीन मंदिरों के दर्शन किए। उनका स्वागत-अभिनंदन करने व आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए सभी जगह भक्तों की भीड़ लगी रही। बड़ी संख्या में युवाओं ने महाराजश्री के नशे के खिलाफ अभियान व्यसन विराम एक प्रयास से प्रेरित होकर नशा मुक्ति का संकल्प लिया। श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने श्रीकृष्ण धाम गुडा मांगलियान में दर्शन-पूजन किया। मंदिर में भगवान कृष्ण के साथ भगवती का मंदिर, गौशाला व अन्नशाला भी है। उन्होंने श्रीकृष्ण धाम गुडा मांगलियान के गादीपति कृष्ण उपासक बालतपस्वी दाताश्री महेंद्रानंद गिरि महाराज की माता दरियाई कंवर देवडी को श्रद्धांजलि अर्पित की। दरियाई कंवर देवडी का निधन 5 जुलाई को हो गया था। उस समय वे कांवड मेला और उसके बाद जन्माष्टमी पर्व के चलते नहीं आ पाए थे।

अब उन्होंने महेंद्रानंद गिरि महाराज की माता दरियाई कंवर देवडी को श्रद्धांजलि अर्पित की व भगवान से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। महाराजश्री ने फालना और सांडेराव के बीच स्थित प्राचीन निम्बो का नाथ महादेव मंदिर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर के अध्यक्ष जगत सिंह से भेंट कर धर्म चर्चा की। उन्होंने बताया कि निम्बो का नाथ महादेव मंदिर भगवान शिव को समर्पित एक प्राचीन हिंदू मंदिर है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, यह वह स्थान है जहाँ वनवास के दौरान पांडवों ने निवास किया था और उनकी माता कुंती ने भगवान शिव की पूजा की थी। महाराजश्री समीरपुर में फतेह प्रताप रिजॉर्ट ज्वार बांध रोड सुमेरपुर पाली राजस्थान में पहुंचे और कुंवर महेंद्र पाल सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। नाथूराम की पुत्री वर्षा को भी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनका निधन पिछले दिनों हो गया था। जालौर स्थित भगवान शिव को समर्पित सिरे मंदिर में पूजा-अर्चना कर सिद्ध पीर गंगानाथ महाराज से भेंटकर धर्म चर्चा की। शनिवार को महाराजश्री पाली, बालोतरा, जालौर आदि में विभिन्न स्थानों पर गए और लोगों को नशे के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशे की बीमारी सबसे अधिक खतरनाक होती है। यह नशा करने वाले का ही नहीं उसके परिवार का जीवन भी बर्बाद कर देती है। अतः नशे से खुद तो मुक्त रहें ही, साथ ही अन्य लोगों को भी जागरुक करें। सभी जगह बडी संख्या में युवाओं ने नशे से दूर रहने व महाराजश्री के नशा मुक्ति अभियान व्यसन विराम एक प्रयास को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Add Your Comment